
प्रजापति कुम्हार समाज के लोगों का औरंगाबाद में जमावड़ा, सम्मान समारोह में जुटे मंत्री और विधायक, समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
The silence media news
औरंगाबाद। बिहार कुम्हार प्रजापति समन्वय समिति के तत्वावधान में रविवार को समाहरणालय परिसर स्थित नगर भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण प्रजापति समाज के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने उत्तर प्रदेश की राजनीतिक और विकास संबंधी स्थिति पर अपनी बात रखी।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान माफिया, गुंडाराज और जातिवाद से होती थी। उस समय प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी। लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद माफिया तत्वों पर अंकुश लगा और कानून का शासन स्थापित हुआ। आज उत्तर प्रदेश को विकास की गति के लिए जाना जाता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेटियां, बहुएं और महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में जब एक ही दल की सरकार होती है तो विकास कार्यों को गति मिलती है। उत्तर प्रदेश से बिहार आने के दौरान उन्होंने यहां भी विकास के क्षेत्र में बदलाव महसूस किया। बिहार की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है। कभी नक्सलवाद के लिए पहचाने जाने वाले औरंगाबाद जिले में अब नक्सली गतिविधियों पर काफी हद तक अंकुश लग चुका है।
हर समाज और जिले में हो प्रतिभा सम्मान समारोह
छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रतिभा सम्मान समारोह केवल एक समाज तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि सभी समाजों और जिलों में इनका आयोजन होना चाहिए। इससे मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलता है और दूसरे बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों को देखकर कम अंक प्राप्त करने वाले छात्र भी अगली बार बेहतर तैयारी करने का संकल्प लेते हैं। साथ ही अभिभावकों में भी अपने बच्चों को आगे बढ़ाने का उत्साह पैदा होता है।
चुनाव का इंतजार नहीं करता संगठन, लगातार जनता के बीच रहते हैं कार्यकर्ता
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि चुनावी सफलता के लिए संगठन और सरकार का लगातार सक्रिय रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव आने का इंतजार नहीं करती, बल्कि सरकार की योजनाओं और संगठन के विचारों को लेकर कार्यकर्ता निरंतर जनता के बीच रहते हैं। जनता के बीच लगातार काम करने और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का परिणाम चुनाव के समय मिलता है।
350 से अधिक विद्यार्थियों को मिला सम्मान
समिति की ओर से आयोजित इस समारोह में जिले के सभी 11 प्रखंडों के 350 से अधिक छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। जिला सचिव गया प्रजापति ने बताया कि जिले में मैट्रिक परीक्षा में 233 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 128 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए थे। इन सभी विद्यार्थियों को अतिथियों के हाथों मेडल, प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समिति ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में बिहार राज्य स्तर पर टॉप करने वाले प्रजापति समाज के विद्यार्थियों को बाइक और विशेष उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य समाज के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें उच्च उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मवीर प्रजापति, बिहार में जदयू की नवनिर्वाचित एमएलसी शिवरानी प्रजापति, प्रदेश कोषाध्यक्ष कविन्द्र पाल, जिलाध्यक्ष ललन प्रजापति और जिला सचिव गया प्रजापति ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह की शुरुआत समाज की बच्चियों के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्रजापति समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
#thesilencemedianews #धर्मवीर_प्रजापति #योगी_सरकार #उत्तर_प्रदेश #माफियाराज #गुंडाराज #कानून_व्यवस्था #यूपी_विकास #बिहार #औरंगाबाद #प्रतिभा_सम्मान_समारोह #प्रजापति_समाज #कुम्हार_समाज #मेधावी_छात्र #छात्र_सम्मान #शिक्षा #शिक्षा_प्रोत्साहन #समाज_का_विकास #सम्राट_चौधरी #शिवरानी_प्रजापति #बिहार_न्यूज #औरंगाबाद_न्यूज #BiharNews #AurangabadNews #UttarPradesh #योगिआदित्यनाथ