
स्कूल के सामने सड़क बदहाल, जलभराव ने बनाया तालाब, गहरे गड्ढों में फंसकर हो सकता है बड़ा हादसा; रोज जान जोखिम में डालकर गुजर रहे स्कूली बच्चे और ग्रामीण
#हरदोई गौसगंज सुन्नी मार्ग पर स्थित प्राथमिक एवं जूनियर विद्यालय के सामने सड़क की बदहाली ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर जलभराव के चलते रास्ता पूरी तरह तालाब में तब्दील हो चुका है। ऊपर से भारी भरकम डंपरों से मिट्टी की ढुलाई और भारी वाहनों के लगातार आवागमन ने सड़क को गहरे गड्ढों में बदल दिया है। हालात ऐसे हैं कि विद्यालय आने-जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को भी जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। भारी वाहनों की आवाजाही से स्थिति और गंभीर हो गई है। इसके बावजूद संबंधित विभाग के जिम्मेदार अधिकारी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और मार्ग पर भारी डंपरों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने उठाई आवाज: महेश,रामसनेही, सलीम, शिव प्रताप, प्रेमऔर रामू सहित ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Nov 14, 2026