रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में बुधवार को पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियार निर्माण की मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया। एसडीपीओ वन गौरव कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में हथियार बनाने के उपकरण व सामग्री बरामद की गई। मौके से नागेंद्र शर्मा उर्फ नन्हक को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सासाराम से धनंजय पासवान को देशी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नागेंद्र शर्मा ने कथित तौर पर बताया कि उसके द्वारा बनाए गए हथियार प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन एमसीसी को दिए जाते थे। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर हथियार निर्माण व सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।