
दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना के लिए 22 सितंबर तक आवेदन
==========================================================
भारतीय डाक विभाग फिलेटली छात्रवृत्ति योजना “दीन दयाल स्पर्श योजना” वर्ष 2026-27 के अंतर्गत कक्षा 06 से 09 तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिये आवेदन आमंत्रित करता है। प्रत्येक कक्षा में चयनित 10-10 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। छात्रवृत्ति की राशि 6000 रुपये प्रतिवर्ष होगी। योजना की विस्तृत जानकारी भारतीय डाक विभाग की वेबसाइट http://www.indiapost.gov.in अथवा संबंधित प्रवर अधीक्षक डाकघर/अधीक्षक डाकघर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
योजना के लिए पात्रता शर्तें-
· आवेदक को संबंधित विद्यालय में स्थित फिलेटली क्लब का सदस्य होना चाहिए। यदि किसी विद्यालय में फिलेटली क्लब नहीं है तो विद्यार्थी/प्रतियोगी का किसी भी डाकघर में सक्रिय फिलेटली जमा खाता होना चाहिए। बिना फिलेटली जमा खाते के आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
· छात्रवृत्ति की राशि मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 06 से 09 तक के नियमित छात्रों को वार्षिक आधार पर वितरित की जाती है।
· प्रतियोगी का विगत परीक्षा का परिणाम 60 प्रतिशत अथवा समांतर ग्रेड से अधिक होना चाहिए। अनुसूचित जाति/जनजाति विद्यार्थियों के लिए 05 प्रतिशत अतिरिक्त छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया- चयन प्रक्रिया में 02 स्तर होंगे।
स्तर-01 में लिखित क्विज परीक्षा 30 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसमें 50 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। सामान्य ज्ञान, इतिहास, भूगोल, विज्ञान, खेल/संस्कृति प्रत्येक से 05 प्रश्न एवं स्थानीय व राष्ट्रीय फिलेटली से संबंधित क्रमशः 10 एवं 15 प्रश्न होंगे। लिखित क्विज की समय अवधि एक घंटा रहेगी। लिखित परीक्षा में उपस्थित होने के लिए किसी भी यात्रा व्यय का भुगतान नहीं होगा।
स्तर-02 में लिखित क्विज में चयनित विद्यार्थियों को फिलेटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करना होगा। फिलेटली प्रोजेक्ट प्रस्तुत करने की अंतिम दिनांक 05 नवंबर 2026 तक रहेगी। फिलेटली प्रोजेक्ट हेतु विषय अलग से सूचित किए जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया - उक्त छात्रवृत्ति योजना में भाग लेने के लिये आवेदन पत्र नजदीकी डाकघर में उपलब्ध होंगे तथा निर्धारित प्रारूप में पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र अंतिम तारीख को समय 16.00 बजे तक या उसके पहले संबंधित प्रवर अधीक्षक/अधीक्षक डाकघर के कार्यालय के पते पर रजिस्टर्ड/स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा जाना है। आवेदन पत्र के लिफाफे पर स्पष्ट रूप से “दीन दयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना वर्ष 2025-26” लिखा होना आवश्यक है।
आवेदन पत्र भेजने की अंतिम तिथि 22 सितंबर 2026, समय 04.00 बजे तक है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन पत्र पर पता “अधीक्षक डाकघर छिंदवाड़ा संभाग 480001” लिखा जाएगा। आवेदन पत्र अपने निकटतम डाकघर से प्राप्त किया जा सकता है।