
बीएसी/सीएसी पदों पर प्रतिनियुक्ति के लिए 12 नवंबर को होगी काउंसलिंग
================================
राज्य शिक्षा केन्द्र, भोपाल के निर्देशानुसार छिंदवाड़ा जिले में बीएसी/सीएसी के पदों पर सेवाएं लेने एवं प्रतिनियुक्ति के लिए अर्हताधारी शिक्षकों की काउंसलिंग 12 नवंबर 2026 को प्रातः 11 बजे से स्थानीय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), छिंदवाड़ा में आयोजित की जाएगी। इसमें अर्हताधारी उच्च श्रेणी शिक्षक एवं माध्यमिक शिक्षक निर्धारित प्रारूप में सहमति पत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शामिल हो सकेंगे।
जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र छिंदवाड़ा ने बताया कि काउंसलिंग माध्यमिक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची के आधार पर की जाएगी। अभ्यर्थियों को वरिष्ठता सूची से अपना वरिष्ठता क्रमांक सहमति पत्र के निर्धारित प्रारूप में अनिवार्य रूप से अंकित करना होगा। वरिष्ठता क्रमांक नहीं होने पर अभ्यर्थी को काउंसलिंग में शामिल नहीं किया जाएगा।
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रारूप में स्वयं का सहमति पत्र, शैक्षणिक योग्यता एवं जन्मतिथि प्रमाणित करने संबंधी दस्तावेज तथा उच्च श्रेणी शिक्षक/माध्यमिक शिक्षक संवर्ग में नियुक्ति अथवा पदोन्नति आदेश साथ लाना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा संकुल प्राचार्य/जनशिक्षा केन्द्र प्रभारी एवं बीईओ/बीआरसी से प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि संबंधित शिक्षक को जनशिक्षक अथवा विकासखंड अकादमिक समन्वयक के पद पर सेवाएं देने या प्रतिनियुक्ति पर भेजे जाने से संबंधित संस्था शून्य शिक्षकीय नहीं होगी। साथ ही संबंधित शिक्षक के विरुद्ध किसी प्रकार का न्यायालयीन प्रकरण, विभागीय जांच, आपराधिक प्रकरण अथवा लंबे समय से लगातार अनुपस्थित रहने संबंधी शिकायत लंबित नहीं होने का प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh