
इलाज के नाम पर मजदूर परिवार से 2.73 लाख की वसूले, 13 वर्षीय बच्ची को बंधक बनाने का दावा!
आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज का दिया था भरोसा, सर्वर न चलने की बात कहकर 70 हजार रुपये वसूलने का आरोप, दुबग्गा के तुलसी हॉस्पिटल का मामला, पुलिस जांच में जुटी
#लखनऊ। राजधानी के निजी अस्पतालों में इलाज के नाम पर मरीजों और उनके परिजनों से मनमानी वसूली के आरोपों के बीच दुबग्गा थाना क्षेत्र स्थित तुलसी हॉस्पिटल का एक मामला सामने आया है। यहां सीतापुर निवासी मजदूर मौना ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज के नाम पर 2.73 लाख रुपये का बिल बनाने और उनकी 13 वर्षीय बेटी को बंधक बनाए रखने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने 3 नवंबर को अपनी बेटी को इलाज के लिए तुलसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। आरोप है कि अस्पताल की ओर से आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मुफ्त इलाज किए जाने का भरोसा दिया गया था। लेकिन भर्ती के बाद अस्पताल प्रबंधन ने सर्वर नहीं चलने की बात कहकर उनसे 70 हजार रुपये जमा करा लिए।
मजदूर परिवार का आरोप है कि इलाज पूरा होने के बाद अस्पताल की ओर से 2.73 लाख रुपये का बिल थमा दिया गया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते इतनी बड़ी रकम जुटाना उनके लिए मुश्किल हो गया। आरोप यह भी है कि भुगतान को लेकर अस्पताल में उनकी 13 वर्षीय बेटी को बंधक बनाकर रखा गया।
मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच-पड़ताल में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज के भरोसे तथा बिलिंग की प्रक्रिया में क्या हुआ था।
अब सवाल यह है कि मजदूरी कर परिवार पालने वाले व्यक्ति को यदि आयुष्मान कार्ड के नाम पर मुफ्त इलाज का भरोसा दिया गया था, तो बाद में लाखों रुपये का बिल कैसे बना? क्या अस्पताल ने आयुष्मान योजना के नियमों का पालन किया? पुलिस जांच के साथ स्वास्थ्य विभाग और आयुष्मान योजना के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।
#TheTelecast | H. Shyam Bajpai
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026