
कालीबाग थाना पुलिस की कार्रवाई, स्कूटी से 23 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार…
पश्चिम चंपारण के बेतिया में शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कालीबाग थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक स्कूटी की जांच की, जिसमें रॉयल स्टैग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 23 बोतलें बरामद की गईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 8.625 लीटर बताई गई है। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग स्कूटी के माध्यम से शराब की खेप लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कालीबाग थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के हरनाथ स्कूल के पास संदिग्ध स्कूटी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी से रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब की 23 बोतलें बरामद हुईं। शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सन सरैया निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान शराब के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक अन्य युवक मौके से फरार होने में सफल रहा। फरार युवक की पहचान बाघमारवा निवासी रोहित के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। कालीबाग थाना पुलिस ने बरामद शराब और स्कूटी को जब्त कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। स्थानीय स्तर पर शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है।
#champaran24news