Public App Logo
प्रयागराज में विधायक पल्लवी पटेल ने माफिया अतीक अहमद के बेटे अहजम से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मेरे पिता सोनेलाल जब मुसीबत में थे तो अतीक ने साथ दिया था। आज बेटा खत्म होने से वो परिवार गम में है। इसीलिए मैं मिलने आई हूं। अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल शुक्रवार शाम 4 बजे हटवा पहुंची थीं। यहां वह अतीक की बहन परवीन कुरैशी से भी मिलीं। अबान की मौत को लेकर परिवार को ढांढस बंधाया। पल्लवी ने इस दौरान अतीक के भाई अशरफ के बच्चों से भी बात की। करीब सवा 6 बजे वो मुलाकात के बाद रवाना हो गईं। पल्लवी की अतीक के बेटे से मुलाकात की फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। कुछ लोग इसे मानवीय संवेदना तो कुछ राजनैतिक तौर पर जोड़कर देख रहे हैं। दरअसल. पल्लवी की अतीक के बेटे से मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब अबान की मौत को लेकर घर में गम का माहौल है। पल्लवी पटेल ने कहा-परिवार में इतनी बड़ी गमी हुई है। उस परिवार से मिलने में क्या हर्ज है? मैंने अहजम और परिवार के अन्य लोगों से मुलाकात की। उन्हें ढांढस बंधाया और तसल्ली दी। इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। अतीक के गांव हटवा में उसका बेटा अहजम और बहन परवीन कुरैशी रह रहे हैं। शुक्रवार को कौशांबी की सिराथू सीट से अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल समर्थकों संग अहजम से मिलने पहुंचीं। पल्लवी ने अहजम से जेल में बंद उमर और अली के बारे में जानकारी की। उनके मुकदमों और मौजूदा स्टेटस के बारे में पूछा। इसके साथ ही अबान के सुपुर्द-ए-खाक में कब्रिस्तान में कौन-कौन आया था? इसे लेकर भी बात की। पल्लवी ने कहा कि अतीक अहमद के मेरे पिता सोनेलाल पटेल से बहुत गहरे रिश्ते थे। अतीक हमारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष थे। वे चुनाव जीते और जनप्रतिनिधि रहे। मैं आज उनके परिवार से परेशानी के समय मिल रही। यह वक्त राजनीति का नहीं है। - Balrampur News