जनसहभागिता से सुरक्षित बनेगा बलरामपुर: डीआईजी
बलरामपुर जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और पुलिस-जनता के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। देवीपाटन परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अशोक कुमार शुक्ल ने पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की मौजूदगी में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों और व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ सुरक्षा इंतजामों पर मंथन किया।
बैठक को संबोधित करते हुए डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने कहा कि अपराध मुक्त समाज के लिए पुलिस और जनता का आपसी सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत व्यापारियों और नागरिकों से अपने घरों व प्रतिष्ठानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी 45 दिनों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की अपील की।
नेपाल सीमा से सटे होने के कारण डीआईजी ने विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया और संदिग्ध व्यक्तियों या वाहनों की तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए किसी भी भ्रामक संदेश को फॉरवर्ड न करने और साइबर सेल को सूचित करने का आग्रह किया। बैठक में भूमि विवाद, महिला सुरक्षा, साइबर ठगी और नशा विरोधी अभियानों पर भी चर्चा हुई। डीआईजी ने आश्वस्त किया कि हिस्ट्रीशीटरों और वांछित अपराधियों की जानकारी देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी और उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
एसपी विकास कुमार ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बलरामपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे तत्पर है।
#balrampur #balrampurpolic