#बलरामपुर; शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीएम
#बलरामपुर। तहसील बलरामपुर सदर में सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता का कार्यक्रम है। यहां आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका वास्तविक समाधान कराया जाए। महज कागजी निस्तारण कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट मान लेना स्वीकार नहीं होगा।
भूमि विवाद और राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्थलीय जांच जरूरी होने पर अधिकारी मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को सुनें और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और फरियादियों को एक ही समस्या के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, पंचायती राज, विद्युत, कृषि, पूर्ति और समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें पहुंचीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur