
लंबित मार्कशीट और फीस वृद्धि के खिलाफ ABVP का ज्ञापन, 24 घंटे में समाधान की मांग
#छपरा | जयप्रकाश विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की लंबित समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण पदाधिकारी (DSW) को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को 24 घंटे का समय दिया है।
ABVP का कहना है कि विश्वविद्यालय स्तर पर लगातार हो रही देरी के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी परेशान हैं। खासकर रिजल्ट और मार्कशीट जारी नहीं होने, इंटर्नशिप के नाम पर शुल्क लिए जाने तथा स्नातकोत्तर की फीस बढ़ाए जाने को लेकर विद्यार्थियों में नाराजगी है।
ज्ञापन में सेशन 2025-29 और 2023-27 के विद्यार्थियों की लंबित मार्कशीट और रिजल्ट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। परिषद के अनुसार, कई विद्यार्थियों की मार्कशीट अब तक जारी नहीं हुई है, जबकि परीक्षा फॉर्म भरने और परीक्षाओं की तिथियां जारी हो चुकी हैं। इससे विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में परेशानी हो रही है।
इंटर्नशिप शुल्क का भी मामला उठाया गया। ABVP ने आरोप लगाया कि सेशन 2023-27 के विद्यार्थियों से विभिन्न महाविद्यालयों में इंटर्नशिप के नाम पर अनधिकृत शुल्क लिया जा रहा है। परिषद ने इसे तत्काल रोकने और विद्यार्थियों से ली गई राशि वापस कराने की मांग की है।
इसके अलावा नए स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 की फीस में हुई वृद्धि पर भी आपत्ति जताई गई। परिषद ने कहा कि फीस बढ़ने से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से फीस वृद्धि पर पुनर्विचार कर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग की।
ABVP ने कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर इन समस्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगा। परिषद ने कहा कि छात्रों के शैक्षणिक भविष्य से जुड़े मामलों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग संयोजक सचिन कुमार चौरसिया, जिला संयोजक भास्कर कुमार, नगर सह मंत्री रंकीत सिंह, शिवम, नगर SFS संयोजक रवि सिंह राणा, आशीष प्रजापति और राजन कुमार सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#ABVP | #ABVPChapra | Akhil Bharatiya Vidyarthi Parishad (ABVP) | #Chapra
Chapra, Saran | Sep 11, 2026