छठ घाटों का निरीक्षण करने पहुंचे शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी, अधिकारियों को दिए कई आवश्यक दिशा-निर्देश।
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।विधायक रणधीर कुमार सोनी ने मुरारपुर छठ घाट, रतोइया छठ घाट, अरघौती छठ घाट, कच्ची रोड घाट एवं हसलगंज छठ घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को छठ पूजा से पहले घाटों की समुचित साफ-सफाई कराने, रास्तों को दुरुस्त करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक रणधीर कुमार सोनी ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महान पर्व है। यह पर्व पूरे देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। चार दिवसीय इस महापर्व का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इसमें लोग पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं तथा परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं।उन्होंने जिले के सभी छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही अधिकारियों से कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी घाटों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान रणधीर कुमार सोनी, शंकर महतो, बिनोद कुमार, राहुल कुमार , मुकेश कुमार,राहुल यादव सहित अन्य लोग शामिल हुए।
Sheikhpura, Sheikhpura | Nov 11, 2026