
मांझी के अटल घाट की बदलेगी सूरत, मधुबनी पेंटिंग और रंगीन रोशनी से सजेगा परिसर!
#छपरा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संभावित सारण आगमन और 12 नवंबर को प्रस्तावित अटल घाट के उद्घाटन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने मांझी स्थित अटल घाट एवं आसपास के परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।
अटल घाट को धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। परिसर की दीवारों पर मधुबनी पेंटिंग के माध्यम से राम-जानकी स्वयंवर, रामायण और श्रीकृष्ण से जुड़े प्रसंगों को दर्शाया जाएगा। यज्ञशालाओं का नामकरण भी भगवान राम और श्रीकृष्ण से जुड़े नामों पर करने का निर्देश दिया गया है।
अटल घाट पर होंगे ये खास बदलाव:
🔸 घाट की सीढ़ियों की मरम्मत और नदी के पानी सहित आसपास के क्षेत्र की सफाई।
🔸 परिसर में आकर्षक मधुबनी पेंटिंग, फ्लावर डेकोरेशन और वर्टिकल गार्डन।
🔸 अटल वाटिका में एलईडी लाइटिंग और सजावटी पौधों की व्यवस्था।
🔸 21 मीटर ऊंचे दो हाईमास्ट लाइट लगाए जाएंगे।
🔸 बच्चों के लिए मिट्टी आधारित प्लेग्राउंड और चार-पांच झूले लगाए जाएंगे।
🔸 जीविका कैफेटेरिया को आकर्षक रूप दिया जाएगा। प्रवेश द्वार का अलग डिजाइन और अंदर जीविका थीम आधारित वॉलपेपर लगाया जाएगा।
🔸 वॉकिंग ट्रैक, पेयजल, शौचालय और अन्य जनसुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
🔸 मंदिर तक जाने वाले रास्ते को भी सुव्यवस्थित और आकर्षक किया जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का होगा अनावरण
12 नवंबर को प्रस्तावित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा अटल घाट के उद्घाटन के साथ पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाना है। गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां मांझी के इसी सरयू तट पर विसर्जित की गई थीं। उनकी स्मृति से जुड़े इस स्थल को विकसित करने की पहल की जा रही है।
दलन सिंह विद्यालय का भी होगा कायाकल्प
अटल घाट के बाद डीएम और एसएसपी ने दलन सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सह इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया। यहां स्वतंत्रता सेनानी दलन सिंह की प्रतिमा स्थल को ग्रेनाइट के आकर्षक वॉल पैनल से सजाने तथा उनके जीवन-वृत्त और चित्र प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। विद्यालय की एस्ट्रोनॉमी, आईसीटी, आईएसएम और बायो लैब के साथ लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया गया।
पुस्तकालय में महापुरुषों के चित्र और प्रेरणादायी विचार प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं कायाकल्प अभियान के तहत विद्यालय में हुए बदलावों को पहले और बाद की तस्वीरों के माध्यम से दिखाया जाएगा।
तीन शिफ्ट में होंगे काम, रखरखाव के लिए बनेगी समिति
डीएम ने कार्यों में तेजी लाने के लिए जरूरत के अनुसार इंजीनियरों और तकनीकी कर्मियों की तीन शिफ्ट में तैनाती करने का निर्देश दिया है। विकास कार्य पूरे होने के बाद अटल घाट के नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय को सौंपी जाएगी। मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से समिति गठित करने की भी योजना है।
पूरी खबर पढ़ें: KaawKaawNews.Co.In
#KaawKaawNews #Chhapra #Saran #Manjhi #AtalGhat #AtalBihariVajpayee #SamratChoudhary #BiharNews
Chapra, Saran | Nov 4, 2026