
जेपी विश्वविद्यालय में अभाविप कार्यकर्ताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर चलाया स्वच्छता अभियान, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
छपरा सारण लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर रविवार (11 अक्टूबर 2026) को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) छपरा इकाई द्वारा जय प्रकाश विश्वविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर, लोकनायक जेपी की प्रतिमा स्थल, वेटिंग एरिया और पेयजल व्यवस्था के आसपास सघन सफाई की।
विश्वविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के बैठने के लिए बने वेटिंग एरिया और एकमात्र पेयजल स्रोत (चापाकल) के पास काफी समय से गंदगी व अव्यवस्था फैली हुई थी। इससे यहां आने वाले छात्रों और परिजनों को बैठने तथा पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अभाविप कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए वेटिंग एरिया और चापाकल परिसर की संपूर्ण सफाई कर उसे बैठने और उपयोग के अनुकूल बनाया।
सफाई अभियान संपन्न होने के बाद कार्यकर्ताओं ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर विधिवत माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर निवर्तमान नगर मंत्री आशीष प्रजापति, नगर सह मंत्री ऋतिक सिंह, शिवम मिश्रा, खेलो भारत सह संयोजक आयुष कश्यप, राजन कुमार सिंह, रॉबिन कुमार एवं करण कुमार सहित कई अन्य कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
#indian #bihar #chapra
Chapra, Saran | Oct 11, 2026