
छपरा शहर में जल निकासी और ड्रेनेज व्यवस्था को लेकर अब एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। बाढ़ और जलजमाव के बाद शहर की वास्तविक स्थिति का आकलन कर लंबे समय के समाधान की दिशा में काम शुरू करने की तैयारी है।
सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बुडको, आरसीडी और नगर निगम की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान सड़क, ड्रेनेज, जल निकासी, सीवरेज और यूटिलिटी शिफ्टिंग से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
डीएम ने बाढ़ के बाद शहर की स्थिति का आकलन करने के लिए वार्डवार और क्षेत्रवार सर्वे कराने का निर्देश दिया है। तकनीकी अभियंताओं की टीम जल निकासी की स्थिति, क्षतिग्रस्त या ध्वस्त ड्रेन और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार करेगी।
इस रिपोर्ट के आधार पर नगर निगम और बुडको मिलकर पूरे छपरा शहर के लिए सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था का ओवरऑल प्लान तैयार करेंगे।
इसके अलावा आईपीएस-1 में स्लूइस गेट के जरिए पानी की निकासी को अधिक प्रभावी बनाने, सीवरेज व्यवस्था सुधारने, मैनहोल को एयरटाइट करने और ब्लैक वाटर की सुरक्षित निकासी के विकल्प तलाशने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पूरे शहर में नल और पाइपलाइन नेटवर्क की मैपिंग भी कराई जाएगी, ताकि भविष्य में सड़क बनने के बाद बार-बार खुदाई और यूटिलिटी शिफ्टिंग की समस्या कम हो।
अब देखना होगा कि यह एक्शन प्लान छपरा की लंबे समय से चली आ रही जलजमाव और खराब ड्रेनेज व्यवस्था की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कितना कारगर साबित होता है।
#Chhapra #Saran #Drainage #WaterLogging #BiharNews District Administration Saran
Chapra, Saran | Sep 11, 2026