
समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का लाभ लेने के लिए निर्धारित अवधि में अपना किसान पंजीयन अवश्य कराएं- कलेक्टर श्री यादव
==
धान उपार्जन हेतु किसान पंजीयन 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के किसानों से अपील की है कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का लाभ लेने के लिए निर्धारित अवधि में अपना किसान पंजीयन अवश्य कराएं। उन्होंने कहा धान उपार्जन हेतु किसान पंजीयन की प्रक्रिया 15 सितंबर से प्रारंभ होकर 10 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा जिन किसानों ने विगत वर्ष पंजीयन कराया था, वे अपने पंजीयन का नवीनीकरण अथवा आवश्यक संशोधन करा सकते हैं। वहीं, जिन किसानों ने पूर्व में पंजीयन नहीं कराया है, वे नवीन पंजीयन करा सकेंगे। इसके लिए शासन द्वारा जिले में 26 पंजीयन केंद्र समितियां निर्धारित की गई हैं। किसान संबंधित समिति में जाकर निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसान एमपी ऑनलाईन एवं लोक सेवा गारंटी केंद्रों पर भी पंजीयन करा सकते हैं। इन केंद्रों पर पंजीयन के लिए शासन द्वारा 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
श्री यादव ने किसानों से कहा है पंजीयन के दौरान आधार कार्ड, बैंक पासबुक, समग्र आईडी, फार्मर आईडी एवं भू-अधिकार पुस्तिका साथ लेकर जाएं, ताकि पंजीयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा पंजीयन केंद्र समितियों में पंजीयन कार्यालयीन दिवसों में कार्यालयीन समय के दौरान किया जाएगा। वहीं, एमपी ऑनलाईन के माध्यम से किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंजीयन करा सकते हैं।
कलेक्टर ने किसानों से अपील की कि निर्धारित 26 पंजीयन केंद्रों की सूची के अनुसार अपने क्षेत्र से संबंधित समिति में पहुंचकर समय-सीमा में पंजीयन कराएं और शासन की समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन नीति का लाभ उठाएं। पंजीयन संबंधी किसी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर निर्धारित हेल्पलाइन नंबर पर 07812-222739 एवं 9098979105 पर संपर्क कर समस्या का समाधान कराया जा सकता है।