
कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम में बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
कोंच। कांग्रेस पार्टी की कोंच नगर एवं ब्लॉक इकाई के तत्वावधान में मंगलवार को पहाड़गांव रोड स्थित कलावती गार्डन में संगठन सृजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की मजबूती पर मंथन किया और आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन खड़ा करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के सांसद मुरारी लाल मीणा रहे। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, पूर्व विधायक गरौठा बृजेन्द्र व्यास डमडम महाराज, ब्रजराज अहिरवार, सुनील जैन खजूरिया, महिला विंग की जिलाध्यक्ष शकुंतला तिवारी सहित अन्य नेता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अरविंद सेंगर ने की। सांसद मुरारी लाल मीणा ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और आम जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से तय होती है। कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। जिलाध्यक्ष अरविंद सेंगर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। इससे पूर्व नगर अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी और ब्लॉक अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अतिथि नेताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। संचालन रामकिशोर पुरोहित ने किया और आभार नगर अध्यक्ष राघवेंद्र तिवारी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Konch, Jalaun | Aug 25, 2026