
राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर न्यायिक अधिकारियों और बैंक प्रबंधकों की समीक्षा बैठक
13 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निस्तारण पर जोर
जितेंद्र गुप्ता ✍️। उरई
उरई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 13 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिला दीवानी न्यायालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। नोडल अधिकारी/अपर जिला जज श्री सतीश चंद्र द्विवेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में न्यायिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि न्यायालयों में विचाराधीन ऐसे मामलों को तत्काल चिन्हित किया जाए, जिनका निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से संभव है। संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस व सम्मन की तामीला सुनिश्चित कराने तथा अधिक से अधिक वादकारियों की सहभागिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
नोडल अधिकारी ने कहा कि सम्मन और नोटिस की समय से तामीला न होने के कारण वादकारियों की उपस्थिति प्रभावित होती है, जिसका सीधा असर मामलों के निस्तारण पर पड़ता है। इसलिए सभी न्यायिक अधिकारी इस प्रक्रिया की अपने स्तर से लगातार मॉनीटरिंग करें और अधिकाधिक मामलों के निस्तारण पर ध्यान केंद्रित करें।
वहीं, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती मनाली चंद्रा ने बैंक प्रबंधकों के साथ हुई बैठक में बकाया ऋण एवं एनपीए से जुड़े ऐसे मामलों को प्राथमिकता से चिन्हित करने के निर्देश दिए, जिनमें सुलह-समझौते की संभावना है। उन्होंने चिन्हित मामलों की सूची एवं संबंधित दावे/वादपत्र शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने बैंक प्रबंधकों को यह भी निर्देश दिया कि प्री-लिटिगेशन मामलों में कम से कम दो बार नोटिस भेजे जाएं और नोटिस के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार से संबंधित पैम्फलेट भी वितरित किए जाएं।
बैठक में न्यायिक अधिकारियों के साथ जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री अनुराग सक्सेना सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी मौजूद रहे।
#dmjalaun #spjalaun #boldobharat #LocalNews #jalaun #orai #
Orai, Jalaun | Aug 22, 2026