ऑपरेशन कायाकल्प से संवरे स्कूल, स्मार्ट क्लास से निखर रही बच्चों की प्रतिभा
उरई (जालौन)। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत विद्यालयों में निर्धारित 19 पैरामीटर पर कराए गए कार्यों की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कंपोजिट उच्च माध्यमिक विद्यालय बघोरा-2 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्थाओं और विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्र-छात्राओं और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए पृथक शौचालय की व्यवस्था मिली। सभी कक्षाओं में टाइलीकरण का कार्य भी पूर्ण पाया गया। विद्यालय में स्मार्ट क्लास के माध्यम से पठन-पाठन कराया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षण का लाभ मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने कक्षा चार और छह में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से गणित के सवाल हल कराए और पहाड़े सुने। विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए। कक्षा में पर्यावरण संरक्षण से संबंधित पाठ पढ़ाया जा रहा था। इसी दौरान एक छात्रा ने नीम के पेड़ के महत्व पर कविता प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिलाधिकारी ने छात्रा की प्रस्तुति की सराहना करते हुए बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कक्षा में महापुरुषों के चित्र देखकर जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनके नाम, जीवन और योगदान से संबंधित प्रश्न पूछे। विद्यार्थियों ने अधिकांश प्रश्नों के सही उत्तर देकर अपनी जानकारी और आत्मविश्वास का परिचय दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों की प्रतिभा और अभिव्यक्ति क्षमता की सराहना की।
बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा ने भी खींचा ध्यान: कक्षा में विद्यार्थियों ने कला के माध्यम से गिलास और उसकी छाया की आकर्षक आकृति बनाई थी। बच्चों की कलाकारी और कल्पनाशीलता ने उनकी रचनात्मक सोच को प्रदर्शित किया। जिलाधिकारी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें अपनी रुचियों को लगातार निखारने के लिए प्रोत्साहित किया।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों से कहा कि स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और बौद्धिक क्षमता का विकास किया जाए। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के नियमित रखरखाव पर भी जोर दिया, ताकि बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण मिलता रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Aug 25, 2026