कालपी चौराहे पर युवकों में बीच सड़क भिड़ंत, लात-घूंसों के बाद चप्पलों से भी हुई मारपीट
कालपी। जालौन के कालपी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को सड़क पर दो युवकों के बीच हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मुन्नाफुल पावर चौराहे के पास किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई और दोनों युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े।
बताया जा रहा है कि चौराहे के पास दोनों युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया। सड़क के बीच दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे बरसाए। इस दौरान चप्पलों से भी एक-दूसरे पर हमला किया गया।
मारपीट के चलते चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों युवक काफी देर तक एक-दूसरे से भिड़ते रहे। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हुई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस अब वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के आधार पर विवाद की पड़ताल कर रही है।
विवाद की असली वजह अभी साफ नहीं: दोनों युवकों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक वजह सामने आएगी। मामले में शामिल युवकों की पहचान और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Orai, Jalaun | Aug 25, 2026