जालौन के 70 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र, कृषि क्षेत्र को मिलेगी नई मजबूती
मुख्यमंत्री ने लखनऊ से किया नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ, विकास भवन में सजीव प्रसारण के दौरान जिलाधिकारी ने नवचयनित युवाओं को दी शुभकामनाएं
जितेंद्र गुप्ता ✍️। जालौन
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और कृषि व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री ने आज जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से कृषि विभाग के लिए नवचयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) तथा मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद जालौन के विकास भवन सभागार में एलईडी के माध्यम से किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, सदर विधायक के प्रतिनिधि रविन्द्र प्रताप, कालपी विधायक के प्रतिनिधि आशुतोष चतुर्वेदी, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक एस.के. उत्तम सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नवनियुक्त प्राविधिक सहायक उपस्थित रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और सुना।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि जनपद जालौन में 70 नवचयनित प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साह दिखाई दिया। इनकी नियुक्ति से कृषि विभाग के क्षेत्रीय कार्यों को और गति मिलेगी तथा किसानों तक शासन की कृषि योजनाओं, तकनीकी जानकारी एवं विभागीय सेवाओं की पहुंच को और प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नवचयनित प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कृषि प्रधान जनपद जालौन में प्राविधिक सहायकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी कार्मिक किसानों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ व्यवहार करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि किसान की समस्या का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान ही विभागीय कार्यों की वास्तविक सफलता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नवचयनित कार्मिक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा आधुनिक कृषि तकनीकों एवं शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी को गांव-गांव तक पहुंचाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, तकनीकी दक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली से जनपद की कृषि व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
#Jalaun #Orai #JalaunNews #OraiNews #UPNews #UttarPradesh #upssssc #AgricultureDepartment MYogiAdityanath #TechnicalAssistant #GovernmentJobs #AppointmentLetters #EmploymentNews #YouthEmployment #AgricultureNews #Farmers #KisanYojana #DistrictJalaun #BolDoBharat Jitendra Gupta
Orai, Jalaun | Aug 25, 2026