
छठ घाटों का एसडीओ अजय यादव ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए कई निर्देश
गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग, खतरे का निशान एवं गोताखोरों की होगी तैनाती, चमड़िया मैदान में नहीं लगेंगे खाने-पीने के स्टॉल
बलिया (बेगूसराय): आगामी लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार की संध्या बलिया एसडीओ सह आईएएस अधिकारी अजय यादव के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने दियारा क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान ताजपुर पंचायत के मुखिया सह भाजपा दक्षिणी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष शिवनंदन कुमार ने अधिकारियों को गोखलेनगर विष्णुपुर, भवानंदपुर एवं शिवनगर सहित विभिन्न गंगा घाटों पर ले जाकर वहां की स्थिति से अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ अजय यादव ने बताया कि गंगा किनारे स्थित सभी छठ घाटों का जायजा लिया गया है। गंगा की मुख्य धारा को देखते हुए छठ के दौरान नदी में बैरिकेडिंग कर लाल कपड़े से खतरे का निशान लगाया जाएगा। साथ ही प्रमुख गंगा घाटों पर गोताखोरों की तैनाती एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बलिया के चमड़िया मैदान में छठ महापर्व बड़े उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। यहां भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि इस बार चमड़िया मैदान में खाने-पीने के सामान की बिक्री के लिए किसी प्रकार का स्टॉल नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पर्व की धार्मिक शुद्धता एवं पवित्रता प्रभावित होती है।
सड़क मरम्मति कार्य पर जताया असंतोष
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दियारा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों का भी जायजा लिया। बाढ़ के बाद ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा कराए गए सड़क मरम्मति कार्य पर एसडीओ ने असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि सड़कों पर ईंट के टुकड़े डालकर छोड़ दिए गए हैं तथा रोलर नहीं चलाए जाने के कारण रास्ते अब भी जर्जर हैं। इससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
एसडीओ ने ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को जल्द से जल्द सड़कों को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया, ताकि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ संतोष कुमार, सीओ आकाश कुमार, मुखिया शिवनंदन कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
सजग बिहार / SB Live #BreakingNews