
एसएन सिन्हा कॉलेज में शिक्षक संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
जहानाबाद: स्थानीय एसएन सिन्हा कॉलेज में शिक्षक संघ के निर्वाचन के बाद 20 अगस्त को संघ की आमसभा की पहली बैठक आयोजित हुई। बैठक में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
महाविद्यालय के प्रॉक्टर प्रो. (डॉ.) अख्तर रोमानी की उपस्थिति में निर्वाची पदाधिकारी प्रो. (डॉ.) सुबोध कुमार झा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई। इसके बाद पूर्व पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। पूर्व अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अख्तर रोमानी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
बैठक में संघ के सदस्यों ने अपनी अपेक्षाएं साझा करते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। कार्यकारिणी के दो सदस्यों के रूप में भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. सिया शरण एवं रसायनशास्त्र विभागाध्यक्ष निमिषा किरण का सर्वसम्मति से मनोनयन किया गया। दोनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
संघ की नियमावली तैयार करने के लिए पूर्व अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) अख्तर रोमानी की अध्यक्षता में छह सदस्यीय ड्राफ्ट कमेटी गठित की गई। इसमें प्रो. (डॉ.) सुबोध कुमार झा, डॉ. शशिधर गुप्ता, डॉ. सुनील कुमार, श्रीमती कुमकुम कुमारी एवं डॉ. हर्षवर्धन को सदस्य बनाया गया।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. ओम प्रकाश वर्मा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया। संघ के सचिव डॉ. हर्षवर्धन ने मंच संचालन किया तथा धन्यवाद ज्ञापन किया।