
जन विश्वास अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 15 में 27 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए
-------------------------------
विदिशा। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में पात्र नागरिकों को शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें योजनाओं का लाभ सहज एवं सरल तरीके से उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज लटेरी नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 15 में विशेष शिविर आयोजित कर नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की गई।
शिविर में आशा कार्यकर्ता श्रीमती नीतू पंथी के सहयोग से पात्र नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर के दौरान कुल 27 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे संबंधित हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध हुई।
नोडल अधिकारी एवं डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री मयंक जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके नजदीकी क्षेत्र में उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से आयोजित शिविरों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलती है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को आयुष्मान कार्ड की उपयोगिता एवं योजना के लाभों की जानकारी भी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत लटेरी क्षेत्र में इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण करने तथा उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य है कि पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे और शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सरलता से प्राप्त कर सके। #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान #vidisha