
दिनारा में घर में घुसा स्पेक्टिकल कोबरा,पांच फीट लंबा सांप देख परिजनों में हड़कंप, वन विभाग की टीम ने किया रेस्क्यू
दिनारा बाजार में बुधवार देर रात एक घर में पांच फीट लंबा स्पेक्टिकल कोबरा घुस गया। सांप को देखकर घर में मौजूद परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। घर मालिक पप्पू गोस्वामी ने बताया कि रात करीब दो बजे उनका बच्चा शौच के लिए गया था। उसी दौरान उसने एक बड़े सांप को घर में घुसते देखा और चीखने-चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिवार के सभी सदस्य जाग गए। बच्चा काफी डरा हुआ था। परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन सांप के अत्यधिक बड़े आकार के कारण उसे रेस्क्यू नहीं कर पाई। इसके बाद वन विभाग को जानकारी दी गई। वन विभाग की टीम और वन्य जीव बचावकर्ता शिवम कुमार ने मौके पर पहुंचकर सांप को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। शिवम कुमार ने बताया कि यह दो साल का स्पेक्टिकल कोबरा है, जिसकी लंबाई लगभग पांच फीट और वजन छह किलोग्राम है। सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया।