
जीवन धारा अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित, 43 यूनिट रक्त संग्रहित
जिले में संचालित “जीवन धारा अभियान–एक बूंद उम्मीद की” के तहत शनिवार को शिव स्मृति भवन, गोपालपुरा हवाई पट्टी, झाबुआ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट शामिल हुए और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में ब्रह्माकुमारीज के समाज सेवा प्रभाग (RERF) द्वारा किया गया। शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस दौरान कुल 43 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने रक्तदाताओं की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। समय पर रक्त की उपलब्धता जरूरतमंद व्यक्ति का अमूल्य जीवन बचाने में सहायक होती है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने और इस पुनीत कार्य में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि जिले में “जीवन धारा अभियान–एक बूंद उम्मीद की” के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP