
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, साइबर मंगलवार एवं संत रविदास जयंती की तैयारियों की जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा।
बेतिया। जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, साइबर मंगलवार तथा श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्धारित कार्यों के ससमय निष्पादन एवं कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों को उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक एवं छात्रावास से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से विद्यार्थी सहयोग पोर्टल शुरू किया गया है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कॉलेजों में आयोजित होने वाले विद्यार्थी सहयोग शिविर की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
समीक्षा के दौरान साइबर मंगलवार के तहत जिले में संचालित की जाने वाली जागरूकता गतिविधियों की भी जानकारी ली गयी। जिला पदाधिकारी ने कहा कि डिजिटल सेवाओं और ऑनलाइन लेन-देन का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में आमजन को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने निर्देश दिया कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी देने तथा संदिग्ध कॉल और मैसेज से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति लोगों को सजग किया जाए। विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ, सहयोग शिविर, विद्यार्थी सहयोग शिविर सहित सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि साइबर जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइबर अपराध के प्रति सजग बनाना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना होना चाहिए।
बैठक में श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गयी। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी निर्धारित गतिविधियों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री अमरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता श्रीमती रोचना माद्री, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।