
जालौन अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, रातभर चली चेकिंग में 16 ट्रक सीज
कालपी और कदौरा क्षेत्र में प्रशासन, पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, बिना रॉयल्टी और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन संचालकों में मची खलबली
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
जालौन। जिले में अवैध खनन और खनिजों के गैरकानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में शनिवार की देर रात कालपी और कदौरा क्षेत्र में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नियमों को ताक पर रखकर खनिजों का परिवहन कर रहे 16 ट्रकों को सीज कर दिया गया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से खनिज परिवहन में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में उपजिलाधिकारी कालपी, क्षेत्राधिकारी कालपी और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। टीम ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर देर रात तक सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान खनिज लदे वाहनों को रोककर उनके प्रपत्र, रॉयल्टी और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान कई ट्रक बिना वैध रॉयल्टी के खनिजों का परिवहन करते मिले, जबकि कुछ वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लदा हुआ पाया गया। नियमों का उल्लंघन सामने आने पर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुल 16 ट्रकों को सीज कर दिया। संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले और नियमों की अनदेखी कर खनिजों का परिवहन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। जिलाधिकारी समीर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन, बिना रॉयल्टी परिवहन और ओवरलोडिंग के मामलों पर लगातार नजर रखी जाए। इसके लिए नियमित जांच के साथ रात के समय भी आकस्मिक अभियान चलाए जाएं, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
#JalaunNews #boldobharat #UPPolice #dmjalaun
Orai, Jalaun | Nov 15, 2026