
आईटीआई प्रवेश सत्र 2026 में CCI/CWC के बालक-बालिकाओं के प्रवेश के लिए विशेष प्रयास
शासकीय आईटीआई में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित, प्रवेश शुल्क में मिलेगी 25 प्रतिशत की छूट
मध्यप्रदेश की समस्त आईटीआई में प्रवेश सत्र अगस्त 2026 के अंतर्गत कक्षा 8वीं एवं 10वीं उत्तीर्ण आवेदकों के लिए विभिन्न 85 व्यवसायों में प्रवेश की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। प्रदेश में आईटीआई की कुल 56 हजार 188 सीटों में से 28 हजार 495 सीटों पर प्रवेश हो चुका है। इस प्रकार अब तक प्रवेश का प्रतिशत 50.71 रहा है।
आईटीआई प्रवेश सत्र 2026 की आगामी प्रवेश प्रक्रिया के तहत पंचम चयन सूची (सीटों के कन्वर्जन सहित) के आवेदकों का प्रवेश 20 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। इसके पूर्व ओपन कन्वर्जन राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन तथा व्यवसायों की च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया 12 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक निर्धारित की गई थी।
प्रदेश की शासकीय आईटीआई में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। प्रवेश सत्र 2026 से आईटीआई में महिलाओं के प्रवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभागीय मंत्री द्वारा महिलाओं के प्रवेश शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बालिकाओं को कौशल विकास से जोड़कर बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
इसके साथ ही समस्त आवेदकों से प्रवेश शुल्क दो किश्तों में लिए जाने के संबंध में विभाग द्वारा वर्ष 2025 से ही आदेश जारी किए गए हैं। इस व्यवस्था से विद्यार्थियों पर एकमुश्त प्रवेश शुल्क का भार कम होने के साथ आईटीआई में प्रवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
*CCI/CWC के बच्चों के लिए अधिकतम 3 सीटें आरक्षित*
बाल देखरेख संस्थानों (Child Care Institutes-CCI/Child Welfare Committee-CWC) के बालक-बालिकाओं को कौशल विकास के माध्यम से बेहतर भविष्य एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। ऐसे आवेदकों की प्रवेश फीस को विभाग द्वारा स्थगित (Defer) किया गया है। साथ ही इनके लिए मध्यप्रदेश की प्रत्येक शासकीय आईटीआई में एक व्यवसाय में एक स्थान के मान से अधिकतम 3 सीटें आरक्षित की गई हैं।
वर्ष 2025 में CCI/CWC के कुल 16 आवेदकों ने आईटीआई में प्रवेश लिया था। प्रवेश सत्र 2026 में इस संख्या को और बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए बाल देखरेख संस्थानों के बालक-बालिकाओं को आईटीआई में प्रवेश दिलाने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रवेश सत्र 2026 के अंतर्गत CCI/CWC के पात्र बालक-बालिकाओं को आईटीआई में प्रवेश का अधिकाधिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से क्षेत्रांतर्गत समस्त शासकीय आईटीआई के प्राचार्यों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करते हुए पात्र बच्चों को प्रवेश प्रक्रिया से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगेl
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Skill Development, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP