
बिक्रमगंज में सूर्य घर योजना पर जागरूकता शिविर,विद्युत विभाग ने रूफटॉप सोलर पैनल के लाभ बताए
बिक्रमगंज में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्युत विभाग ने एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया। यह शिविर गुरुवार को प्रखंड कार्यालय बिक्रमगंज के प्रांगण में आयोजित हुआ। शिविर में घरेलू उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के लाभ, केंद्र और बिहार सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान तथा योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना से बिजली बिल में बचत के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।विद्युत कार्यपालक अभियंता सासाराम, ई. ब्रवीम ने बताया कि 1 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सोलर पैनल पर केंद्र सरकार से 30,000 रुपये और बिहार सरकार से 10,000 रुपये, कुल 40,000 रुपये का अनुदान मिल रहा है। इसी तरह, 2 किलोवाट क्षमता पर कुल 80,000 रुपये (केंद्र से 60,000 और बिहार से 20,000) की सहायता उपलब्ध है। वहीं,3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार से 78,000 रुपये और बिहार सरकार से 20,000 रुपये, यानी कुल 98,000 रुपये तक का अनुदान प्राप्त किया जा सकता है। शिविर में उपभोक्ताओं को योजना के तहत उपलब्ध ऋण सुविधा की भी जानकारी दी गई, जिससे वे आसान किस्तों पर सोलर पैनल स्थापित कर सकें।