
"आकाश आनंद मेरी पार्टी में आ जाएं, मिलकर पूरा करेंगे बाबा साहब का मिशन": चंद्रशेखर
#लखनऊ: नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेशनल कोऑर्डिनेटर रहे आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का खुला न्योता दिया है। शनिवार को लखनऊ के इको गार्डन में पंचायत सहायकों के धरने में पहुंचे चंद्रशेखर ने कहा, "आकाश आनंद मेरी पार्टी में आ जाएं, हम दोनों मिलकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का मिशन पूरा करेंगे।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि बसपा में उनके लिए दरवाजे भले ही बंद हों, लेकिन आकाश आनंद के लिए उनकी पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं।
सांसद चंद्रशेखर लखनऊ के इको गार्डन में मानदेय बढ़ाने समेत अन्य सेवा संबंधी मांगों को लेकर पिछले एक सप्ताह से प्रदर्शन कर रहे पंचायत सहायकों का समर्थन करने पहुंचे थे। 5 दिनों से तेज धूप के बीच छाता लेकर डटे पंचायत सहायकों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मंच से तंज कसते हुए कहा, "जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, हमारे भाई किसी की मांग नहीं भरेंगे।"
चंद्रशेखर आजाद के पहुंचते ही धरना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। उन्हें देखने और सुनने के लिए उनके समर्थक पेड़ों पर चढ़ गए। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पंचायत सहायक अपनी मुख्य मांगों पर अड़े हुए हैं और सांसद ने उन्हें मांगें पूरी होने तक लड़ाई लड़ने का भरोसा दिया है।
Hardoi, Hardoi | Sep 12, 2026