
बड़ी उपलब्धि: विदिशा जिले में संचालित 7 शासकीय आईटीआई की 1268 सीटों पर 100% प्रवेश लक्ष्य पूर्ण
--------------------------------
विदिशा। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता जी के निर्देशन में विदिशा जिले में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में शत-प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य प्राप्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पोर्टल पुनः खुलते ही शासकीय आईटीआई के स्टाफ ने दो दिनों तक अथक प्रयास कर तीन विकासखंडों की शेष 25 सीटों पर प्रवेश पूर्ण कराया। इस त्वरित कार्यवाही से जिले में शत-प्रतिशत प्रवेश का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
विदिशा जिले के 7 शासकीय आईटीआई में कुल 1,268 रोजगारपरक सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया गया। अभियान के माध्यम से जन-जन तक कौशल प्रशिक्षण की जानकारी पहुँचाकर युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के प्रति जागरूक किया गया। यह पहल युवाओं को कौशल विकास, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
जिले की नोडल प्राचार्या सुश्री कविता रघुवंशी ने बताया कि जिले में शत-प्रतिशत प्रवेश की उपलब्धि युवाओं में कौशल प्रशिक्षण के प्रति बढ़ते रुझान और जागरूकता का सकारात्मक संकेत है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता जी के मार्गदर्शन, समस्त शासकीय आईटीआई के स्टाफ के समन्वित प्रयासों तथा प्रवेश अभियान में सक्रिय सहभागिता को दिया।
प्रवेश प्रभारी श्री आलोक रावत एवं सहायक प्रवेश प्रभारी श्रीमती इंदु सेन ने प्रवेश टीम को सतत मार्गदर्शन एवं व्यवस्थित दिशा-निर्देश प्रदान किए। इनके समन्वय और टीम के समर्पित प्रयासों से विकासखंड स्तर पर भी शत-प्रतिशत प्रवेश का लक्ष्य प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। “रोज़गार की पढ़ाई, चलो आईटीआई” के संदेश के साथ जिले में कौशल विकास को बढ़ावा देने की यह पहल युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर विदिशा के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। #vidisha #JansamparkMP Jansampark Madhya Pradesh