
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में बड़ा इजाफा
अब कार्यकत्रियों को ₹12 हजार और सहायिकाओं को ₹6 हजार प्रतिमाह मानदेय
स्मार्ट फोन, साड़ी के लिए डीबीटी और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की भी घोषणा
संत कबीर नगर, 08 सितंबर। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगातों की घोषणा की है। अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये तथा सहायिकाओं का मानदेय 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। इसके साथ ही साड़ी के लिए डीबीटी के माध्यम से धनराशि, प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकत्री को स्मार्ट फोन तथा कार्यकत्री एवं सहायिकाओं को कैशलेस चिकित्सा योजना से आच्छादित किए जाने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री के अयोध्या कार्यक्रम का मंगलवार को संत कबीर नगर में भी सजीव प्रसारण किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार खलीलाबाद में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक बलिराम यादव, जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं। सभी ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत प्रशासक एवं जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विभागीय योजनाओं के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विशेष रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
वहीं ऐसे एसएएम श्रेणी के बच्चे, जो बेहतर देखभाल और पोषण के बाद अब सामान्य श्रेणी में आ चुके हैं, उनके अभिभावकों को बच्चों की अच्छी देखभाल के लिए पुरस्कृत किया गया। संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका है। उन्होंने प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीण स्तर पर पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सरकार द्वारा मानदेय में वृद्धि, स्मार्ट फोन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य योजनाओं का लाभ दिए जाने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से ग्रामीण स्तर पर पूरी लगन, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
मेंहदावल और धनघटा में भी हुआ आयोजन
जनपद स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार खलीलाबाद के अलावा तहसील मेंहदावल के ब्लॉक सभागार तथा तहसील धनघटा के ब्लॉक सभागार हैंसर बाजार में भी किया गया। यहां जनप्रतिनिधियों की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को सरकार की घोषणाओं एवं योजनाओं की जानकारी दी गई और अयोध्या कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चन्द्र, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।