
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना: पात्र युवाओं को समयबद्ध लाभ दिलाने के निर्देश
.
#हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, ऋण वितरण तथा लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि पात्र आवेदकों के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा स्वीकृत आवेदनों में ऋण वितरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से वे अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बैंक शाखाओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र युवा को योजना का लाभ दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में उपायुक्त उद्योग हर्ष प्रताप सिंह, जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्रा, जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी सुष्मिता सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jul 28, 2026