
स्वामित्व रजिस्ट्री में कुरवाई अनुभाग का उत्कृष्ट प्रदर्शन, जिले की 36 प्रतिशत रजिस्ट्री अकेले कुरवाई में
---------------------------
सुबह 6 बजे से फील्ड में पहुंचकर कार्य कर रहे पटवारी, एसडीएम भी नियमित रूप से कर रहे हैं मैदानी निरीक्षण
---------------------------
विदिशा। मुख्यमंत्री स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 अभियान के अंतर्गत जिले में स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्य को तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। जिले में अब तक 963 स्वामित्व रजिस्ट्री संपादित की जा चुकी हैं। इनमें से कुरवाई अनुभाग में कुल 340 स्वामित्व रजिस्ट्री संपादित कराई गई हैं, जो जिले में संपादित कुल रजिस्ट्री का लगभग 36 प्रतिशत है। कुरवाई अनुभाग में स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्य में तेजी लाने के लिए क्षेत्र के एसडीएम श्री मोतीलाल अहिरवार के निर्देशन में लगातार मैदानी स्तर पर कार्य किया जा रहा है। राजस्व अमले को हितग्राहियों से समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सुबह 6 बजे से फील्ड में पहुंचने के निर्देश -
स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य की प्रगति को गति देने के लिए कुरवाई अनुभाग में पटवारियों को प्रातः 6 बजे से ही फील्ड में पहुंचकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। पटवारियों द्वारा गांवों में पहुंचकर संबंधित हितग्राहियों से संपर्क, अभिलेखों का सत्यापन तथा रजिस्ट्री से संबंधित आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। अभियान की प्रभावी मॉनीटरिंग के लिए एसडीएम स्वयं भी सुबह से ही मैदानी क्षेत्रों में पहुंचकर कार्यों का जायजा लेते हैं। इस दौरान राजस्व अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने के साथ ही लंबित प्रकरणों के निराकरण में आ रही समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
समयबद्ध तरीके से रजिस्ट्री पूर्ण कराने पर जोर -
अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को उनकी संपत्ति के स्वामित्व का विधिवत अधिकार उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रशासन द्वारा राजस्व अमले को सक्रियता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों में स्वामित्व रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। कुरवाई अनुभाग में अधिकारियों और मैदानी अमले की सक्रियता के परिणामस्वरूप जिले की कुल संपादित स्वामित्व रजिस्ट्री में अनुभाग की उल्लेखनीय भागीदारी सामने आई है। प्रशासन द्वारा अभियान के अंतर्गत शेष पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री प्रक्रिया को भी शीघ्र पूर्ण कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। #vidisha #JansamparkMP