
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर को होगा सहायक उपकरण वितरण शिविर
===
एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के हितग्राहियों को मिलेंगे कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण
===
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को जिले में एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना अंतर्गत चिन्हांकित दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंगों का वितरण किया जाएगा। वितरण शिविर का आयोजन जिला दिव्यांग एवं पुनर्वास केन्द्र, कलेक्ट्रेट परिसर दमोह में किया जाएगा।
शिविर के सफल आयोजन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत दमोह को नोडल अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका दमोह को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम स्थल की संपूर्ण व्यवस्थाएं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत दमोह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका दमोह द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दमोह के मार्गदर्शन में सुनिश्चित की जाएंगी।
उपसंचालक सामाजिक न्याय ने संबंधित निकायों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र के चिन्हांकित हितग्राहियों को शिविर स्थल तक लाने तथा शिविर के उपरांत सुविधानुसार वापस ले जाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही सभी चिन्हांकित हितग्राहियों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित कर उन्हें कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराते हुए योजना का लाभ दिलाया जाए।
उन्होने संबंधितो को निर्देशित किया कि किसी भी चिन्हांकित हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारी की होगी। आयोजन स्थल पर निकाय स्तर से आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की तैनाती के साथ साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।