
जमीन विवाद में बुजुर्ग पिता व परिजनों पर लाठियों से हमला, 5 पर केस दर्ज,बीच-बचाव करने आई मां और बहू को भी पीटा
#लालबहादुर_भाखर #Lalbahadurbhakhar #pilibanga #LatestNews #RajasthanNews
पीलीबंगा/हनुमानगढ़
पीलीबंगा क्षेत्र के चक 5-एसटीबी की ढाणी में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने 75 वर्षीय बुजुर्ग, उनके बेटे, पत्नी और बहू पर लाठियों से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 5 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित डूंगरराम पुत्र बिस्तूराराम मेघवाल ने बताया कि उनकी कृषि भूमि में 5 हिस्सेदार हैं। जमीन के बंटवारे को लेकर बेटे महावीर के साथ पुराना विवाद चल रहा है। 13 अगस्त की रात करीब 8-9 बजे उनका दूसरा बेटा हेतराम खेत में मवेशियों की रखवाली करने गया था। इस दौरान हेतराम ने जानवरों की तरफ टॉर्च की रोशनी डाली, जिससे नाराज होकर महावीर उससे उलझ गया। कहासुनी के बाद हेतराम ढाणी लौट आया।
कुछ ही देर बाद महावीर अपने साथी जैलाराम, सुरजीत, हवासिंह और सोना के साथ लाठियां लेकर ढाणी पहुंचा और हेतराम पर हमला कर दिया। शोर सुनकर जब 75 वर्षीय डूंगरराम, उनकी पत्नी बिरमा और बहू सुमन बीच-बचाव करने दौड़े, तो आरोपियों ने उन्हें भी लाठियों से जमकर पीटा। हमले में परिवार के सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।