
*लखनऊ में वकीलों का प्रदर्शन उग्र, बैरिकेडिंग तोड़ विधानसभा पहुंचे अधिवक्ता*
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर वकीलों का प्रदर्शन उग्र हो गया। विधानसभा का घेराव करने निकले प्रदर्शनकारियों ने हजरतगंज से विधानसभा तक लगाई गई कई पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ दी और विधानसभा के सामने पहुंच गए। इस प्रदर्शन का आह्वान लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन ने किया था।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित के अनुसार, हापुड़ की घटना के बाद वकीलों की सुरक्षा के लिए कानून का मसौदा तैयार किया गया था, लेकिन इसे लागू नहीं किया गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि उनके खिलाफ बढ़ती आपराधिक घटनाओं से असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
लखनऊ बार एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव ने भी वकीलों की सुरक्षा के लिए अलग कानून बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा जरूरी है। वकीलों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर लखनऊ में अधिवक्ता महापंचायत आयोजित कर आंदोलन तेज किया जाएगा।
Hardoi, Hardoi | Nov 14, 2026