
मोबाइल चोरी के शक में किशोर को नहर में फेंका, राहगीरों ने बचाई जान
राहगीरों ने नहर में फेंकने वाले दबंग युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा
कोंच। कस्बे के उरई रोड पर बुधवार देर रात करीब 10 बजे मोबाइल चोरी के शक में एक दबंग युवक ने 14 वर्षीय किशोर को नहर में फेंक दिया जिससे वहां हड़कंप मच गया। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए किशोर की जान बचा ली, साथ ही आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी में बताया गया कि उक्त किशोर उरई रोड स्थित नहर के पास चाऊमीन खाने के लिए आया था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उस पर मोबाइल चोरी करने का शक जताया। आरोप है कि जेब से मोबाइल निकालने के शक में दबंग युवक ने किशोर के साथ मारपीट की और उसे पास की नहर में फेंक दिया। किशोर को नहर में गिरता देखकर वहां हड़कंप मच गया। वहां से गुजर रहे राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और नहर में कूद कर उस किशोर को बाहर निकाला, इस तरह उसकी जान बच गई। इसके बाद राहगीरों ने आरोपी को पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने किशोर से घटना के संबंध में जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और मोबाइल चोरी के आरोप की भी पड़ताल कर रही है।
Konch, Jalaun | Sep 17, 2026