
बीना रिफाइनरी-बेतवा बैराज परियोजना: भू-अर्जन से प्रभावित परिवारों की आपत्तियां सुनने 19 से 22 अक्टूबर तक लोक सुनवाई
-------------------------------
कुरवाई तहसील के 10 ग्रामों में पंचायत भवनों पर होगी लोक सुनवाई, प्रभावित परिवारों को अपनी बात रखने का अवसर
-------------------------------
विदिशा। बीना रिफाइनरी-बेतवा बैराज परियोजना अंतर्गत भू-अर्जन प्रकरणों में भू-अर्जन, पुनर्वास एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर एवं पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 05 के तहत अर्जित की जाने वाली भूमि से प्रभावित परिवारों के विचार एवं आपत्तियों को सामाजिक समाघात निर्धारण अध्ययन (SIA) रिपोर्ट में शामिल करने के लिए लोक सुनवाई आयोजित की जाएगी। इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी एवं भू-अर्जन अधिकारी कुरवाई श्री मोतीलाल अहिरवार द्वारा लोक सुनवाई के लिए कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। प्रभावित परिवारों के साथ-साथ संबंधित व्यक्ति, संस्था अथवा संगठन लोक सुनवाई के दौरान अपनी आपत्ति अथवा सुझाव लिखित या मौखिक रूप से प्रस्तुत कर सकेंगे। एसडीएम श्री अहिरवार ने बताया है कि लोक सुनवाई का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित स्थानों पर कि जाऐगी । प्रशासन द्वारा संबंधित ग्रामों में लोक सुनवाई के लिए सहयोगी अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों को अपनी बात रखने के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध हो सके।
इन ग्रामों में निर्धारित है लोक सुनवाई -
सोमवार 19 अक्टूबर को तीन ग्राम पंचायतों में लोक सुनवाई होगी। इसमें नाडकुंड, दांगी कुहरिया के लिए पंचायत भवन नाडकुंड में तहसीलदार कुरवाई श्री संदीप शर्मा, कांकर एवं खिरिया भौंरासा के लिए पंचायत भवन कांकर में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुरवाई एवं राजस्व निरीक्षक श्री मकरंद सिंह धुर्वे तथा भौंरासा के लिए पंचायत भवन भौंरासा में नायब तहसीलदार कुरवाई श्री अनुराग रावत सहयोगी अधिकारी के रूप में उपस्थित रहेंगे।
बुधवार 21 अक्टूबर को पीरोठा, इकोदा तथा दादूरार, गिरवास, छोटी पठारी के लिए लोक सुनवाई आयोजित होगी। पीरोठा में तहसीलदार श्री संदीप शर्मा, इकोदा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुरवाई एवं राजस्व निरीक्षक श्री मकरंद सिंह धुर्वे तथा दादूदार, गिरवास एवं छोटी पठारी में नायब तहसीलदार श्री अनुराग रावत सहयोगी अधिकारी रहेंगे।
वहीं 22 अक्टूबर को पाड़ोछा, केशरगंज, खिरिया तरफदार, जरहा, बंडेरा, घुरावली तथा लचायरा, बोथीघाट के लिए लोक सुनवाई होगी। संबंधित पंचायत भवनों में निर्धारित अधिकारियों द्वारा प्रभावित परिवारों की आपत्तियां एवं सुझाव दर्ज किए जाएंगे। जबकि ईसाखेडी पंचायत के घुरावली के लिए कोटा बैराज परियोजना के सहायक प्रबंधक श्री यशवंत यादव सहयोगी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
प्रभावित परिवारों से सहभागिता की अपील -
प्रशासन ने संबंधित प्रभावित परिवारों तथा अन्य इच्छुक व्यक्तियों, संस्थाओं एवं संगठनों से निर्धारित तिथियों पर लोक सुनवाई में उपस्थित होकर अपने विचार, आपत्तियां एवं सुझाव प्रस्तुत करने की अपील की है। लोक सुनवाई में प्राप्त अभिमत एवं आपत्तियों को सामाजिक समाघात निर्धारण अध्ययन (SIA) रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। भू-अर्जन एवं पुनर्वास से संबंधित मामलों में पारदर्शिता, प्रभावित परिवारों की सहभागिता और उनके पक्ष को अभिलेखित करने की दृष्टि से यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। #vidisha #JansamparkMP