
मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2026 का जिला स्तरीय आयोजन 07 अगस्त को
==
जिला स्तर पर प्रथम आने वाली टीम को राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता करने का मिलेगा अवसर
===
मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में संवर्धन के उद्देश्य को लेकर वर्ष 2016 से प्रति वर्ष मध्य प्रदेश की क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता 2026 का जिला स्तरीय आयोजन 07 अगस्त को किया जा रहा है, जिसमें समस्त शासकीय एवं अशासकीय मध्य प्रदेश बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड ,केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय आदि के कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। जिसमें विद्यालय स्तर से 3-3 विद्यार्थियों का दल बनाया जाकर 158 विद्यालयों द्वारा ऑनलाइन पंजीयन कार्य भी पूर्ण किया गया है। जिले की पंजीकृत संस्थानों द्वारा पंजीकृत विद्यार्थियों को लेकर जिला स्तर पर 07 अगस्त को चयनित कार्यक्रम स्थल प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पीजी कॉलेज दमोह में उपस्थित होंगे। प्रतियोगिता दो चरणों में संपन्न की जावेगी प्रथम चरण पर लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे जो मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थल, संस्कृति, मध्य प्रदेश का इतिहास, राष्ट्रीय उद्यान, अभ्यारण, वन्य जीव संरक्षण एवं संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण आदि पर आधारित होंगे लिखित परीक्षा में प्रथम 6 टीमों का चयन किया जाएगा, जिनके साथ द्वितीय चरण ऑडियो एवं विजुअल राउंड खेला जाएगा, इसमें चयनित प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से तीन दिन और दो रात तथा द्वितीय उपविजेता तीन टीमों को दो दिन और एक रात का भ्रमण पैकेज दिया जाएगा। जिसमें यातायात भोजन स्वल्पाहार, रात्रि विश्राम एवं भ्रमण संबंधी समस्त गतिविधियां मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के द्वारा संचालित की जावेगी।
जिला स्तर पर यह प्रतियोगिता कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, अपर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला दमोह के दिशा निर्देशानुसार जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद दमोह एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त मार्गदर्शन में आयोजित की जावेगी। जिले के प्रतियोगिता हेतु पंजीयन करने वाले शासकीय/अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत बालक/बालिकाओं को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड भोपाल द्वारा आयोजित पर्यटन प्रतियोगिता 2026 में शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित कराया जावे। सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएं। छात्रा प्रतिभागियों के साथ महिला शिक्षिका एवं छात्रों के साथ मार्गदर्शी शिक्षक को अनिवार्य रूप से भेजा जावे। अधिक जानकारी के लिए क्विज मास्टर मोहन राय के मोबाइल नंबर 98264 44951 पर संपर्क किया जा सकता है।