
हटा कृषि उपज मंडी में मूंग खरीदी केंद्र का संयुक्त निरीक्षण,
==
किसानों की सुविधाओं पर प्रशासन का फोकस
===
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हटा राकेश मरकाम ने एसडीओपी कृष्णपाल सिंह, राजस्व विभाग एवं कृषि उपज मंडी के कर्मचारियों के साथ संयुक्त रूप से हटा कृषि उपज मंडी स्थित मूंग खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान संबंधित समितियों एवं खरीदी केंद्र से जुड़े कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित की जाए।
अधिकारियों ने समय पर मूंग की तुलाई सुनिश्चित करने, खरीदी केंद्र पर पर्याप्त वारदाने की उपलब्धता बनाए रखने तथा शेड में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया मंडी में मूंग खरीदी शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है तथा किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।