
आवारा गौवंश के गले और सींगों में लगाए रेडियम
===
नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल की अनूठी पहल
===
जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और आवारा पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने एक सराहनीय अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा गौवंश के गले एवं सींगों में रेडियम स्ट्रिप लगाई जा रही है, ताकि रात के समय वाहनों की रोशनी पड़ते ही गौवंश दूर से दिखाई दें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि क्षेत्र में रात्रि के समय सड़कों पर घूमने या बैठने वाले गौवंश के कारण आए दिन सड़क हादसे होने की आशंका बनी रहती है, कई बार तेज रफ्तार ट्रक, बस और अन्य वाहन चालक अंधेरे में गौवंश को समय पर नहीं देख पाते, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो जाती हैं, इन्हीं घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया इस अभियान में स्थानीय युवा साथी भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। पुलिस और युवाओं की टीम मिलकर गौवंश के गले में रेडियम बेल्ट तथा सींगों पर रेडियम टेप लगा रही है। इससे रात में वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही रेडियम चमकने लगता है और वाहन चालकों को काफी दूरी से ही गौवंश दिखाई दे जाते हैं, जिससे समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर दुर्घटना टाली जा सकती है।