5 विभागों के 48 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित,
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने दिए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
===
आरईएस कार्यपालन यंत्री, जिला शिक्षा अधिकारी, डीपीएम आजीविका मिशन व जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण भी अनुपस्थित मिले
===
आमजन की समस्याओं के समयबद्ध निराकरण और कार्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के पांच विभागों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुल 48 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इनमें जिला पंचायत के 13, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के 7, आजीविका मिशन के 5, जनजाति कार्य विभाग के 4 तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के 19 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान आरईएस के कार्यपालन यंत्री, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग तथा आजीविका मिशन के जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) भी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर ने सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री यादव ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने तथा आमजन के कार्यों का तत्परता, संवेदनशीलता और कानून के दायरे में रहकर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।