
बांदकपुर स्कूल मामले में कलेक्टर श्री यादव की बड़ी कार्रवाई
==
प्राचार्य को हटाया, जांच समिति को नोटिस
==
बच्चों की शिकायत पर दोबारा जांच में मिली अनियमितता, कार्रवाई के दिए निर्देश
==
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांदकपुर से पहुंचे विद्यार्थियों की शिकायत पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए विद्यालय के प्राचार्य को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रारंभिक जांच के लिए भेजी गई कमेटी की रिपोर्ट पर विद्यार्थियों ने आपत्ति जताई थी और आरोप लगाया था कि जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की गई।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से दोबारा वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें सामने आया कि शिकायतकर्ताओं के बयान एकतरफा तरीके से दर्ज किए गए थे। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए प्राचार्य को हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा जिस जांच समिति ने गलत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया है, उसको भी नोटिस जारी किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की गुटबाजी से दूर रहकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें, बेहतर परिणाम हासिल करें और विद्यालय व जिले का नाम रोशन करें। साथ ही विद्यार्थियों को अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए गए, ताकि भविष्य में किसी भी समस्या की जानकारी सीधे जिला शिक्षा अधिकारी को देकर उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके।