कोतवाली के गेट पर फल विक्रेता को घेरकर पीटा, 15 से 20 लोगों पर मारपीट का आरोप
हरदोई। डीएम चौराहे पर शराब पीने से मना करने पर फल विक्रेता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने पहले ठेले पर फल विक्रेता की पिटाई की और फिर शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचे पीड़ित को गेट पर ही घेरकर पीटा। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के विढ़ेयन पुरवा निवासी नन्हे गुप्ता पुत्र सत्यपाल गुप्ता डीएम चौराहे पर बैंक ऑफ इंडिया के सामने एएसपी आवास के पास फल का ठेला लगाते हैं। नन्हे के मुताबिक, आजादनगर निवासी कुछ युवक उनके ठेले पर जूस पीने आते थे। आरोप है कि जूस पीने के दौरान युवक वहां शराब भी पीते थे। करीब 15 दिन पहले नन्हे ने उन्हें शराब पीने से मना करते हुए दूसरी जगह जाने को कहा था। इस बात को लेकर विवाद हुआ और युवकों ने उन्हें धमकी दी थी।
पीड़ित का आरोप है कि उक्त युवक दोबारा पहुंचे और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद नन्हे ने डायल 112 पर सूचना दी और शिकायत लेकर शहर कोतवाली पहुंच गए। आरोप है कि कोतवाली के गेट पर 15 से 20 लोगों ने उन्हें घेर लिया और जमकर पिटाई की। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
मारपीट में घायल नन्हे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
रिपोर्ट: देवेंद्र सिंह
Bilgram, Hardoi | Oct 11, 2026