#बलरामपुर जनपद न्यायालय की सुरक्षा होगी अभेद्य, पुलिस बल को दिया जा रहा 14 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
बलरामपुर। जनपद न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़, प्रभावी एवं चाक-चौबंद बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में न्यायालय सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को 14 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक सभागार में क्षेत्राधिकारी ललिया डी.के. श्रीवास्तव ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को न्यायालय एवं वीआईपी सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान न्यायालय सुरक्षा प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों को सुरक्षा मानकों, संभावित खतरों के आकलन, सतर्कता और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।
सुरक्षा प्रशिक्षण के मुख्य बिंदु:
सुरक्षा एवं समन्वय: न्यायाधीशों, न्यायालय स्टाफ, अधिवक्ताओं, वादियों एवं साक्षियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा परिसर में कार्यरत विभिन्न संगठनों के साथ बेहतर तालमेल बनाना।
खतरों की पहचान: असामाजिक व असामाजिक तत्वों से उत्पन्न संभावित खतरों का समय रहते आकलन करना और प्रवेश-निकास द्वारों पर कड़ा पहरा देना।
इंटेलिजेंस एवं वीआईपी प्रोटोकॉल: संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अभिसूचना (इंटेलिजेंस) तंत्र को मजबूत करना और निर्धारित वीआईपी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना।
आपात प्रतिक्रिया व अनुशासन: किसी भी अप्रत्याशित घटना या संदिग्ध वस्तु मिलने पर त्वरित कार्रवाई करना तथा ड्यूटी के दौरान उच्च स्तर का अनुशासन एवं सतर्कता बनाए रखना।
इस विशेष प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सतर्क व सुनियोजित बनाना है, ताकि न्यायिक प्रक्रियाओं, अभिलेखों एवं सभी संबंधित व्यक्तियों की सुरक्षा पूरी तरह से सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान न्यायालय सुरक्षा में तैनात समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#balrampur #balrampurpolic