पेयजल आपूर्ति से लेकर महिला सुरक्षा तक योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में गुरुवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में DWSM एवं सोर्स सस्टेनेंस कमेटी तथा जिला संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेयजल आपूर्ति, मिशन शक्ति और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
DWSM एवं सोर्स सस्टेनेंस कमेटी की बैठक में डीएम ने जलापूर्ति योजना के तहत प्रतिदिन निर्धारित आठ घंटे गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आवश्यक आईडी का समय पर सृजन, हर घर सर्टिफिकेशन के तहत पात्र लाभुकों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने, PHED की योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और अनुरक्षकों के भुगतान का ससमय निष्पादन करने को कहा। पेयजल से संबंधित शिकायतों का त्वरित समाधान करने का भी निर्देश दिया गया।
वहीं, जिला संचालन समिति की बैठक में मिशन शक्ति एवं वन स्टॉप सेंटर में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया। डीएम ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा मिशन शक्ति की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत प्रताड़ित महिलाओं को नियमानुसार आर्थिक सहायता समय पर उपलब्ध कराने, बाल विवाह पर रोक लगाने तथा निजी नर्सिंग होम एवं अस्पतालों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया गया।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर पात्र लाभुकों तक पहुंचना चाहिए, ताकि महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण के उद्देश्यों को पूरा किया जा सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मनी, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रुपेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।