पराली जलाने पर प्रशासन सख्त, किसानों को जागरूक करने के साथ कृषि यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश
डीएम शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय बैठक, पंचायत से गांव तक चलेगा जागरूकता अभियान
लखीसराय। समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में गुरुवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर जिला स्तरीय अंतरविभागीय कार्य-समूह की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान पर चर्चा करते हुए इसकी रोकथाम के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर किसानों को जागरूक करने को कहा। उन्होंने प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को कृषि समन्वयकों एवं किसान सलाहकारों के माध्यम से किसान चौपाल, बैठक और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि पराली जलाने से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और मिट्टी के लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं। वहीं, इससे निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाने के साथ सांस संबंधी बीमारियों और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का कारण बनता है। इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों एवं श्वास रोगियों पर पड़ता है।
जिलाधिकारी ने जिले में संचालित कंबाइन हार्वेस्टरों की प्रखंडवार संख्या और संचालकों की जानकारी जुटाने का निर्देश दिया। साथ ही सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ रीपर एवं मल्चर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा कस्टम हायरिंग सेंटर एवं कृषि यंत्र बैंकों के माध्यम से किसानों को जरूरत के अनुसार यंत्र उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों को खेतों में मिलाने, मल्चिंग, कंपोस्ट एवं जैविक खाद बनाने तथा उपयुक्त अवशेषों का पशुचारे के रूप में उपयोग करने के लिए प्रेरित करने को कहा। इसके लिए कृषि विज्ञान केंद्र, हलसी के सहयोग से प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा पंचायत प्रतिनिधियों, पैक्स, सहकारी संस्थाओं, विद्यालयों एवं ग्रामीण विकास विभाग की सहभागिता से जागरूकता अभियान चलाने तथा समाचार पत्रों, प्रचार वाहनों, माइकिंग, बैनर एवं पोस्टर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।