प्रशिक्षण के दौरान ही महिला आरक्षी ज्योति बाला ने एसआई परीक्षा में मारी बाजी, बारा थाने में हुआ भव्य सम्मान
थाना प्रभारी संजय राय ने पूरे स्टाफ के साथ किया सम्मानित, ज्योति बाला की सफलता से पुलिस विभाग में खुशी की लहर
बारा, प्रयागराज। महिला आरक्षी के रूप में पुलिस सेवा की शुरुआत करते ही ज्योति बाला ने अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया है। प्रशिक्षण के दौरान ही उपनिरीक्षक (एसआई) परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। उनकी इस कामयाबी से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।
मूल रूप से चंदौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र की निवासी ज्योति बाला के पिता नरेंद्र कुमार और माता मीरा देवी हैं। वर्ष 2026 में महिला आरक्षी पद पर चयनित होने के बाद उन्होंने लखनऊ में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसी दौरान कठिन मेहनत और लगन के बल पर एसआई परीक्षा में सफलता हासिल की।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उनकी पहली तैनाती प्रयागराज के बारा थाने में हुई। उनकी उपलब्धि की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी संजय राय ने पूरे पुलिस स्टाफ के साथ उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ज्योति बाला की सफलता महिला अभ्यर्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Bara, Allahabad | Nov 14, 2026